• Tue. Jul 21st, 2026

24 जुलाई को होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले जालंधर के पीपीआर मार्केट में हुआ ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम

ByPunjab Khabar Live

Jul 20, 2026

जालंधर: आगामी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के उपलक्ष्य में रविवार को जालंधर के पीपीआर मार्केट में विशेष ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस भक्तिमय संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मधुर भजनों और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध भजन गायक अंगद प्रभु जी की प्रस्तुति रही। उनके भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ के नाम का संकीर्तन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आगामी रथ यात्रा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

यह भजन क्लबिंग कार्यक्रम 24 जुलाई 2026, शुक्रवार को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के प्रचार-प्रसार और जनजागरण के उद्देश्य से तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति, जालंधर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रथ यात्रा से जोड़ना और उन्हें इस भव्य धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना है।

भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा कंपनी बाग चौक (श्री राम चौक) से प्रारंभ होकर साईं दास स्कूल ग्राउंड तक जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3:00 बजे भगवान जगन्नाथ के भव्य स्वागत से होगी। इसके बाद शाम 4:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन के साथ रथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के सुसज्जित रथ के साथ पूरे उत्साह और भक्ति भाव से चलेंगे। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यात्रा मार्ग को सजाएं तथा भगवान जगन्नाथ के रथ पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत करें। रथ यात्रा का उद्देश्य समाज में भक्ति, एकता और आध्यात्मिक सद्भाव का संदेश फैलाना है।

इस वर्ष के आयोजन का प्रमुख आकर्षण रात 8:00 बजे भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। विशेष बात यह रहेगी कि यह भोग क्रेन की सहायता से अर्पित किया जाएगा, जो इस आयोजन की एक अनूठी विशेषता होगी।

रथ यात्रा के रात लगभग 8:30 बजे साईं दास स्कूल ग्राउंड पहुंचने की संभावना है। इसके बाद रात 9:00 बजे महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। अंत में रात 9:30 बजे सभी श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।

तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति ने जालंधर तथा आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति द्वारा यात्रा एवं सभी धार्मिक कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिक जानकारी के लिए श्रद्धालु 9463710784 अथवा 9878544044 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page