• Sun. Sep 13th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

5 साल पहले पढ़ाई के लिए गई थी कनाडा, एकतरफा प्यार ने ले ली 26 साल की पंजाबी युवती की जान

ByPunjab Khabar Live

Jul 30, 2026

कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की रहने वाली 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। नवनीत के पिता हरभजन सिंह ने दावा किया कि उनकी बेटी लंबे समय से एकतरफा प्यार के चलते कथित तौर पर परेशान की जा रही थी। इस संबंध में कनाडा पुलिस को पहले ही शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उसे पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल सकी।

परिवार के अनुसार नवनीत करीब 5 साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में स्थायी निवास (PR) भी हासिल हो गया। वह टोरंटो में एक बैंक में नौकरी कर रही थी। करीब एक महीने पहले वह परिवार से मिलने अमृतसर आई थी और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई।

परिजनों का आरोप है कि कोटकपूरा निवासी शरणजीत नाम का युवक पिछले कई महीनों से नवनीत का पीछा कर रहा था। वह लगातार फोन करता, बैंक तक पहुंच जाता और उसे कथित तौर पर परेशान करता था। इससे तंग आकर नवनीत ने कनाडा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था और मामला अदालत में विचाराधीन था। इसके बाद नवनीत ने अपना मोबाइल नंबर और रहने का पता भी बदल लिया था, लेकिन आरोपी कथित रूप से फिर भी उस तक पहुंच गया।

परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह करीब 7:30 बजे नवनीत बैंक जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी और अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसने कहा, “शरण आ गया है” और पूछा कि वह वहां क्यों आया है। इसके कुछ ही क्षण बाद कॉल अचानक कट गई। बाद में परिवार को उसकी हत्या की सूचना मिली, जिससे पूरे परिवार में मातम छा गया।

नवनीत के परिजनों ने सवाल उठाया कि जब आरोपी के खिलाफ पहले से पुलिस शिकायत और अदालत में मामला चल रहा था, तो वह खुलेआम कैसे घूम रहा था और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा। परिवार ने कनाडा सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है। साथ ही भारत सरकार से नवनीत का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने में मदद करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page