• Wed. Sep 16th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पहलगाम जैसी वारदात! पहचान पूछने के बाद दो हिंदू मजदूरों की हत्या

ByPunjab Khabar Live

Aug 1, 2026

जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया। आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों की पहचान पूछी और छत्तीसगढ़ के दो हिंदू मजदूरों को समूह से अलग कर गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मारे गए मजदूरों की पहचान 24 वर्षीय दीपक रात्रे और 28 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है। दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और कुलगाम के केलाम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब तीन से चार राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

जांच में सामने आया है कि आतंकियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी। घटना के समय ईंट-भट्ठे पर कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू समुदाय से केवल यही दोनों मजदूर वहां काम कर रहे थे। आतंकियों ने पहचान के आधार पर उन्हें निशाना बनाया।

हमले की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page