• Sat. Sep 19th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में घर में घुसकर युवक का अपहरण, हथियारों से हमला कर कार में उठाकर ले गए आरोपी

ByPunjab Khabar Live

Aug 3, 2026

जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। 5 से 7 अज्ञात युवकों ने एक घर में जबरन घुसकर युवक पर हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पीड़ित परिवार के अनुसार, रविवार रात शुभम अपने घर की छत पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही दरवाजा खुला, सभी आरोपी जबरन घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि उन्होंने शुभम को छत से नीचे खींचकर लाया और हथियारों के बल पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। जब परिवार ने हमले की वजह पूछी तो आरोपियों ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद वे शुभम को जबरन अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गए।

घटना के बाद से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से शुभम को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार के साथ-साथ चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी के नंबर और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page