स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित औलख का अंतिम संस्कार मंगलवार को जालंधर के मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में किया गया। गमगीन माहौल के बीच पिता दिनेश औलख ने अपने जवान बेटे को मुखाग्नि दी। इस दुखद घड़ी में दिवित को अंतिम विदाई देने और परिवार का ढांढस बंधाने के लिए पंजाबी म्यूजिक व फिल्म जगत की तमाम मशहूर हस्तियां पहुंचीं।
गायक यो यो हनी सिंह समेत इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों ने दिवित के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा में विदाई दी। अंतिम संस्कार में पहुंचे यो यो हनी सिंह, लैंबर हुसैनपुरी, सरबजीत सिंह चीमा, बब्बू मान, गुरप्रीत घुग्गी, मंगी माहल और बूटा मोहम्मद जैसे कलाकारों ने परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
अंतिम विदाई के दौरान सड़क हादसों और लचर व्यवस्था को लेकर कलाकारों का दर्द भी छलका। गायक लैंबर हुसैनपुरी ने दिनेश औलख के बच्चों के प्रति प्रेम की पुरानी यादें ताजा कीं और कहा कि बिना रिफ्लेक्टर वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने सरकार से सड़क सुरक्षा नियमों में तुरंत सुधार की मांग की। वहीं, अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी ने भावुक होते हुए कहा कि फूलों जैसे बच्चों को कंधों पर विदा करना माता-पिता के लिए सबसे बड़ा दुख है। उन्होंने भी वाहनों पर रिफ्लेक्टर न होने और सड़कों पर बहते खून पर गहरी चिंता जताई।
अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। गायक मंगी माहल दिवित की बचपन की यादों को साझा करते हुए रो पड़े। गायक सरबजीत चीमा और बूटा मोहम्मद ने कहा कि जवान बेटे का दुनिया से जाना माता-पिता के जीवन में कभी न भरने वाला खालीपन छोड़ जाता है। वहीं, बब्बू मान ने कहा कि परिवार फिलहाल गहरे दुख से गुजर रहा है और ईश्वर इस कठिन समय में औलख परिवार को शक्ति प्रदान करे।
