पंजाब में पीआरटीसी और पनबस कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। सरकार की ओर से लंबित मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने के बाद यूनियन ने आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया। इसके साथ ही राज्यभर में सरकारी बस सेवाएं फिर से सामान्य रूप से शुरू हो गई हैं। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर प्रस्तावित कूच भी फिलहाल स्थगित कर दिया है।
यूनियन प्रधान रेशम सिंह ने बताया कि मंगलवार को मोहाली में धरना प्रस्तावित था, लेकिन सरकार की ओर से मांगों को लिखित रूप में स्वीकार किए जाने के बाद इसे समाप्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सोमवार को परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बन गई थी, लेकिन पहले प्रबंधन उन्हें लिखित रूप में देने से बच रहा था। अब प्रशासन के साथ हुई बैठक में सहमत सभी मांगों को आधिकारिक रूप से दर्ज कर लिया गया है।
रेशम सिंह के अनुसार 11 अगस्त को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के लिए नियम बनाने संबंधी प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके बाद 14 अगस्त को वित्त मंत्री, परिवहन मंत्री और कार्मिक विभाग के अधिकारियों के साथ अगली बैठक होगी, जिसमें अन्य लंबित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
हड़ताल समाप्त होने के बाद राज्यभर में सरकारी बसों का संचालन दोबारा शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार तय समय के भीतर अपने वादों को पूरा करती है तो आंदोलन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

