पंजाब में 27 अगस्त को कर्मचारियों और पेंशनर्स की ओर से महाबंद का ऐलान किया गया है। साझा कर्मचारी और पेंशनर्स फ्रंट के आह्वान पर बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी सामूहिक छुट्टी लेकर आंदोलन में शामिल होंगे। पटवारी, क्लेरिकल स्टाफ और विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों के भी हड़ताल में शामिल होने की बात कही गई है। ऐसे में सरकारी कार्यालयों में आम लोगों से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं।
बंद के दौरान सरकारी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और आंगनबाड़ी सेंटर बंद रहने की बात कही गई है। इसके अलावा सरकारी बस सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। सचिवालय, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग समेत कई सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।
कर्मचारियों का कहना है कि सामूहिक छुट्टी लेकर सरकारी कामकाज को ठप रखा जाएगा और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। ऐसे में 27 अगस्त को सरकारी कार्यालयों में जरूरी काम के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
साझा कर्मचारी और पेंशनर्स फ्रंट के प्रधान के अनुसार, महाबंद के दौरान प्राइवेट स्कूल खुले रहेंगे। इसके अलावा प्राइवेट बसों के संचालन पर भी रोक नहीं होगी। यानी निजी क्षेत्र से जुड़ी स्कूल और बस सेवाएं सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है। आंदोलन के दौरान कर्मचारी किसी दूसरे जिले में जाकर आम जनता को परेशान नहीं करेंगे। प्रदर्शन का मुख्य फोकस सरकारी कार्यालयों में कामकाज बंद रखना होगा।
महाबंद के दौरान आम लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि पंजाब में किसी भी हाईवे को बंद नहीं किया जाएगा। इसके अलावा सड़कों पर यातायात रोकने की भी कोई योजना नहीं है। सरकारी कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों और डीसी दफ्तरों में कामकाज ठप रखकर हड़ताल करेंगे। ऐसे में 27 अगस्त को बाजार, निजी स्कूल, निजी बस और सामान्य सड़क यातायात पर प्रदेशव्यापी बंद का असर नहीं होने की बात कही गई है, जबकि सरकारी सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

