मोगा में ऑनलाइन लेडीज सूट ऑर्डर करने के बाद एक युवती कथित साइबर फ्रॉड का शिकार हो गई। आरोप है कि उसका फोन हैक होने के बाद बैंक खाते से कुछ ही सेकंड में 22 लाख 21 हजार 931 रुपए गायब हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता के पिता मोहम्मद अब्दुल के मुताबिक, उनकी बेटी सायना खातून ने 14 अप्रैल को ऑनलाइन एक लेडीज सूट ऑर्डर किया था। बाद में उसने यह ऑर्डर कैंसिल कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसका फोन हैक हो गया और कुछ ही समय में उसके बैंक खाते से बड़ी रकम निकल गई।
परिवार के मुताबिक, बैंक खाते से कुल 22,21,931 रुपए गायब हुए हैं। इतनी बड़ी रकम निकलने के बाद परिवार को साइबर ठगी का पता चला और उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस से की।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तकनीकी जानकारी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मरियाज, निजामुद्दीन और रिंकू मीना के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम का गठन किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती के फोन और बैंक खाते तक आरोपियों ने किस तरह पहुंच बनाई और इतनी बड़ी रकम को किस तरीके से निकाला गया।

