तरनतारन में लव मैरिज से नाराज दो भाइयों ने एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात बस स्टैंड के पास हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने युवक पर एक के बाद एक 80 से ज्यादा बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जगजीत सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, जगजीत सिंह DJ का काम करता था। उसका जश्नप्रीत नाम की युवती के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब एक महीने पहले घर से भागकर शादी कर ली थी। बताया जा रहा है कि जश्नप्रीत के भाई जसप्रीत और हरप्रीत इस शादी से नाराज थे।
बताया जा रहा है कि जश्नप्रीत की मां कुलविंदर कौर ने जगजीत सिंह को बातचीत के लिए बस स्टैंड के पास बुलाया था। जगजीत अपनी सास के लिए खाने का सामान लेकर वहां पहुंचा था। इसके बाद जब वह बस स्टैंड से बाहर निकला तो कथित तौर पर जसप्रीत और हरप्रीत ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने जगजीत पर चाकू से लगातार हमला करना शुरू कर दिया। हमले में जगजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने जसप्रीत को पकड़ लिया। वहीं, उसका भाई हरप्रीत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार हरप्रीत की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

