• Wed. Sep 2nd, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में अपराधियों ने बुजुर्ग को बनाया निशाना, हिम्मत दिखाकर लुटेरों के चंगुल से बच निकले

ByAdmin

Sep 2, 2026

जालंधर शहर में लूट की वारदातों पर लगाम नहीं लग पा रही है। आए दिन तेजधार हथियारों से लैस लुटेरे लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिससे शहरवासियों में डर का माहौल है। ताजा मामला थाना नंबर 4 के अंतर्गत डॉ. बीआर अंबेडकर चौक (नकोदर चौक) के पास अजीत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के बाहर से सामने आया है। यहां देर रात एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग से दो बाइक सवार युवकों ने लूट की कोशिश की।

घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बुजुर्ग गुरुद्वारा साहिब के बाहर अपनी एक्टिवा खड़ी कर उसमें सामान रख रहे थे। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक वहां से गुजरते हैं। बुजुर्ग एक्टिवा लॉक कर गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने लगते हैं। तभी दोनों युवक बाइक घुमाकर वापस आते हैं और आवाज देकर उन्हें रोक लेते हैं। इसके बाद एक युवक तेजधार हथियार लेकर बुजुर्ग के पास पहुंचता है और हाथापाई करते हुए उन्हें लूटने की कोशिश करता है।

बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का विरोध किया और अपनी जान बचाने के लिए गुरुद्वारा साहिब के अंदर भाग गए। उन्होंने शोर मचाया तो वहां मौजूद सेवादार और संगत मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस तरह बुजुर्ग ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया।

थाना नंबर 4 के प्रभारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पुलिस को मिल गई है। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है और आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग से लूट की कोशिश की गई थी, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके।

गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय कुछ सेवादार गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे थे। एक बुजुर्ग अपना स्कूटर खड़ा कर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होने लगे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का मारकर अंदर घुसने की कोशिश की। बुजुर्ग ने युवकों का विरोध करते हुए शोर मचा दिया। आवाज सुनकर सेवा कर रही संगत नीचे पहुंची, जिसके बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

दोनों युवक गुरुद्वारा साहिब में लूट या बेअदबी की नीयत से दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। प्रबंधक कमेटी ने पुलिस को लिखित शिकायत देने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाई है। पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के भीतर पकड़ने का भरोसा दिया है। अगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की तो सिंह सभाओं और विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सदस्यों के साथ बैठक कर धरना-प्रदर्शन करने का फैसला लिया जा सकता है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page