जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोरायां ओवरब्रिज के पास देर रात ट्रक के पीछे बाइक टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि स्प्लेंडर बाइक ट्रक के नीचे करीब 10 फीट तक अंदर घुस गई। तीनों युवक खून से लथपथ रोड पर गिरे थे। उनको तुरंत फिल्लौर अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने तीनों को डेड डिक्लेयर कर दिया। तीनों की जेब से उनके मोबाइल मिले हैं जिससे इनके परिवारों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। एक्सीडेंट का कारण ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने और पीछे से बाइक की ब्रेक न लगने से हुआ माना जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर भी नहीं मिला। ट्रक ड्राइवर की भी तलाश की जा रही है। हादसा देर रात करीब 3:30 बजे हुआ। तीनों युवक एक स्प्लेंडर बाइक पर जालंधर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे डाक पार्सल ट्रक के पीछे जा टकराई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। हाईवे पर अचानक ब्रेक लगने की आशंका समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार युवकों की बाइक का नंबर PB-10KB-1280 है, जो लुधियाना आरटीओ का है। प्राथमिक जांच में तीनों के लुधियाना में रहकर किसी फैक्ट्री में काम करते हैं और मूल रूप में यूपी के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में दो युवकों की पहचान लुधियाना के राधास्वामी रोड निवासी साहिल पुत्र जयकरण, जितेंद्र कुमार पुत्र हरि नंदन के रूप में हुई। वहीं तीसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई।
पुलिस को उनके पास से तीन मोबाइल फोन मिले हैं। इन्हें जांच अधिकारी ASI बावा सिंह को सौंप दिया गया है और मोबाइल के जरिए परिजनों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक हादसे में शामिल पार्सल ट्रक महाराष्ट्र नंबर का है। दोनों वाहन जालंधर से लुधियाना की दिशा में जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच जारी है।

