• Sat. Sep 5th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में FIR के बाद भी नहीं रुके चोर, 10 दिन में 6 चोरी; CCTV में चेहरे साफ कैद

ByAdmin

Sep 5, 2026

जालंधर में चोरी की लगातार बढ़ती वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। थाना आदमपुर के तहत जंडूसिंघा रोड स्थित नंदा फार्म में पिछले 10 दिनों में 5 बार चोरी हो चुकी है, जबकि इसी थाना क्षेत्र में पीड़ित के भट्ठे को भी चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित का दावा है कि चोरी की कुल 6 वारदातें हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि नंदा फार्म से करीब 500 मीटर की दूरी पर CIA स्टाफ का दफ्तर भी मौजूद है।

नंदा फार्म हाउस के संचालक राकेश चंद नंदा ने बताया कि चोर पिछले 10 दिनों से लगातार उनके फार्म को निशाना बना रहे हैं। उनके मुताबिक पहली चोरी 28 तारीख को हुई थी। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई और FIR भी दर्ज की गई। FIR दर्ज होने के बाद भी चोरी की वारदातें नहीं रुकीं। अगले ही दिन दोपहर में दोबारा चोरी हुई। इसके बाद चोर कॉपर की तारें चोरी करने के साथ तोड़फोड़ भी कर गए। बाद में पैलेस में लगे ट्यूबवेल से तारें चोरी की गईं।

राकेश चंद नंदा के मुताबिक, हाल ही में चोर दोबारा पैलेस में घुसे और करीब एक घंटे तक वहां रहे। इस दौरान उन्होंने डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। लगातार शिकायतों के बावजूद अभी तक चोरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस की ओर से हर बार FIR दर्ज करने और कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।

पीड़ित ने बताया कि इसी थाना क्षेत्र में स्थित उनके भट्ठे को भी चोरों ने करीब 8 दिन पहले निशाना बनाया था। वहां से चोर सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी करके फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लग पा रही है।

पीड़ित का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पहले वे मुंह ढककर वारदात करने आते थे, लेकिन अब बिना चेहरा छिपाए चोरी कर रहे हैं। उनका दावा है कि FIR दर्ज होने के बाद भी नंदा फार्म में तीन बार चोरी हो चुकी है। पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर फोटो खींचकर ले जाते हैं, लेकिन चोरों की गिरफ्तारी नहीं हो रही।

चोरी की एक वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है। फुटेज में कथित तौर पर चोरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। अब पीड़ित की मांग है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

राकेश चंद नंदा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि चोरी की लगातार घटनाओं के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को 4 से 5 बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। पहली बार SHO ने फोन उठाया तो उन्होंने पांचवीं चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद भी उन्हें कार्रवाई का आश्वासन ही मिला।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page