• Sat. Sep 19th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

हरियाणवी सिंगर को धमकी के बाद फायरिंग, इस गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी

ByAdmin

Sep 18, 2026

हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से बड़ी खबर सामने आई है। मशहूर सिंगर, एक्टर और मॉडल दिलेर खरकिया पर कथित तौर पर जानलेवा हमला हुआ है। देर रात उनके घर के बाहर खड़ी Range Rover गाड़ी पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि घटना के वक्त दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे और इस हमले में वह बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, हमलावर बाइक पर सवार होकर देर रात दिलेर खरकिया के घर के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वहां खड़ी उनकी Range Rover पर फायरिंग कर दी। गोलियां गाड़ी में लगीं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हमले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित के नाम लिखे गए हैं। पोस्ट में कथित तौर पर दिलेर खरकिया को धमकी देते हुए कॉल का जवाब देने के लिए कहा गया है और ऐसा नहीं करने पर गोली मारने की धमकी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

दिलेर खरकिया हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर, एक्टर और मॉडल हैं। वह मशहूर रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया के बेटे हैं। पिता से प्रेरित होकर दिलेर ने महज 9 साल की उम्र में रागनी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। साल 2018 में उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने कई लोकप्रिय गानों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई। उनके चर्चित गानों में ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाईकोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ शामिल हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page