हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक खूंखार पिटबुल डॉग ने 6 महीने के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। मासूम अपनी बुआ की गोद में था, जब सामने वाले घर से अचानक निकले पिटबुल ने उस पर झपट्टा मार दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
6 महीने के बच्चे को, ये सनकी पिटबुल से नोचवा रहा है।
वीडियो देखो और बताओ किस एंगल से उसे बचा रहा है!
बच्चे की जान जाए तो जाए ये खूँखार आदमखोर को सहलाने में लगा है।@SonipatPolice इसका कुछ इलाज़ करेंगे या फिर आपको भी आलस आ रहा है! pic.twitter.com/KDQyphZ7Cs— Samar Raj (@SamarRaj_) September 18, 2026
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला घर के बाहर मासूम को गोद में लेकर खड़ी थी। इसी दौरान सामने के घर से निकला पिटबुल सीधे बच्चे की तरफ लपका, जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण महिला बच्चे समेत सड़क पर गिर पड़ी। इसके बाद कुत्ते ने महिला को छोड़कर मासूम पर हमला कर दिया और उसे दांतों से काटने लगा। महिला ने जान जोखिम में डालकर बच्चे को छुड़ाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रही।
अचानक हुए इस हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद बच्चे को पिटबुल के जबड़े से छुड़ाया गया। इस हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह से जख्मी हो गया, जबकि उसे बचाने के चक्कर में उसकी बुआ भी घायल हो गई।
गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का रोहतक में इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कुत्ते के मालिक की घोर लापरवाही से बेहद नाराज हैं। हालांकि, अभी तक पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
