जालंधरः लुटेरों ने देर रात कोठी में घुसकर महिला को बंधक बना लिया। महिला के मुताबिक, जिस समय लूट हुई वो घर में अकेली थी। 7 लुटेरों ने आते ही उसके हाथ-मुंह पर पट्टी बांध दी। इसके बाद अलमारी के लॉक तोड़कर 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपए कैश लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर कोठी की दीवार फांदते नजर आ रहे हैं। इसके बाद महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद पहुंची जालंधर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों को तलाश शुरू की।
वारदात जालंधर-पठानकोट रोड स्थित गांव राऊवाली की एक कोठी में हुई। करीब एक घंटे पहले इसी इलाके की एक दूसरी कोठी को लुटेरों ने निशाना बनाने की कोशिश की। वे घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वहां रहने वाले प्रवासियों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आरोपी वहां से भाग गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी। पहली कोशिश नाकाम होने के बाद लुटेरे पास की दूसरी कोठी में पहुंचे। यहां उन्होंने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। घर में अकेली बुजुर्ग महिला रमिंदर कौर (70) मौजूद थी। उनको बंधक बनाने के बाद आरोपी कमरों की तलाशी लेने लगे।
इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे गहने व नकदी निकाल ली। महिला के अनुसार, लुटेरे करीब 22 तोले सोने के गहने, 5 लाख रुपए कैश ले गए। लूट के दौरान आरोपियों ने घर में सामान बिखेर दिया। लुटेरों ने अलमारी के अलावा कमरों में भी पैसे और कीमती सामान की तलाश की। वारदात पूरी करने के बाद आरोपी महिला की पट्टी खोलकर मौके से निकल गए। महिला ने इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में लाठी-डंडे लिए कुछ लोग कोठी की ओर आते और दीवार फांदकर अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। शोर होने के बाद कुछ लोगों के वहां से भागने की तस्वीरें भी कैद हुई हैं। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने का रास्ता पता चल सके।
