पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सतगुरु कबीर साहिब जी के बारे में मनु भैया द्वारा कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सतगुरु कबीर साहिब जी महान संत, समाज सुधारक एवं मानवता को प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश देने वाले युगपुरुष थे। उनके बारे में अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किसी भी रूप में उचित नहीं है।
भगत ने कहा कि पंजाब की धरती महान संतों, गुरुओं और पीरों की शिक्षाओं से समृद्ध है। संत कबीर साहिब जी ने समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए लोगों को आपसी प्रेम, सद्भावना और इंसानियत का संदेश दिया। उनकी वाणी आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, संत या महापुरुष के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग समाज में तनाव पैदा कर सकता है। इसलिए सभी लोगों को धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए संयम और जिम्मेदारी से अपनी बात रखनी चाहिए। अगर किसी व्यक्ति द्वारा वास्तव में ऐसी टिप्पणी की गई है तो संबंधित तथ्यों की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
मोहिंदर भगत ने कहा कि सभी वर्गों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ बयानबाजी से बचने की अपील की। पंजाब की पहचान आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भावना से है तथा इस भाईचारे को मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
