अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फर्जी टिकटों का मामला सामने आया है। अमृतसर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट में सफर करने पहुंचे 16 यात्रियों को एयरपोर्ट पुलिस ने हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में उनकी टिकटों को फर्जी पाया गया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से पहले यात्रियों की टिकटों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान 16 यात्रियों की टिकटों पर संदेह हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जांच की, जिसके बाद सभी 16 यात्रियों को हिरासत में ले लिया गया।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यात्रियों ने टिकटें कहां से हासिल की थीं और इन्हें किसने उपलब्ध कराया था। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि सभी यात्रियों ने एक ही जगह से टिकटें खरीदी थीं या अलग-अलग माध्यमों से टिकटें हासिल की थीं।
इसके अलावा, एजेंसियां इस आशंका की भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस मामले के पीछे कोई एजेंट या संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था। यात्रियों से पूछताछ के जरिए टिकटों की खरीद और उन्हें उपलब्ध कराने से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अमृतसर से शारजाह जाने वाली फ्लाइट की एक तरफ की टिकट की कीमत करीब 18 हजार रुपये है। हालांकि, इन 16 यात्रियों ने कथित तौर पर फर्जी टिकटें कहां से हासिल कीं और इसके लिए कितनी रकम चुकाई, इस संबंध में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

