• Wed. Oct 21st, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

झोटा हत्याकांड में आधी रात को CBI की एंट्री, मानसा पहुंचते ही थाने से कब्जे में लिया रिकॉर्ड

ByAdmin

Oct 21, 2026

नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच अब CBI ने अपने हाथ में ले ली है। मामले में CBI ने नई FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार आधी रात को ही CBI की टीम मानसा पहुंच गई और थाने में जाकर केस से संबंधित रिकॉर्ड और सबूत अपने कब्जे में ले लिए। अब जांच एजेंसी हत्या के मामले के साथ-साथ केमिस्ट की दुकानों पर प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की कथित बिक्री के पीछे के नेटवर्क की भी जांच करेगी।

सीनियर DIG की अगुआई में जांच, फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी होंगे शामिल
CBI के प्रवक्ता के मुताबिक, मामले की जांच सीनियर DIG की अगुआई में की जा रही है। जांच को आगे बढ़ाने के लिए CBI के फॉरेंसिक विशेषज्ञ, ड्रग कंट्रोलर और अन्य संबंधित विशेषज्ञ भी मानसा पहुंचेंगे। जांच एजेंसी घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों, पुलिस रिकॉर्ड और उपलब्ध सबूतों की पड़ताल करेगी।

इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थ केमिस्ट की दुकानों पर कथित तौर पर खुलेआम कैसे बिकते रहे और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी।

परविंदर सिंह झोटा का परिवार बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे मानसा के सर्किट हाउस पहुंचेगा, जहां CBI की टीम उनके बयान दर्ज करेगी। परिवार के बयान जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। CBI हत्या से जुड़े घटनाक्रम और अब तक सामने आए तथ्यों की जांच करेगी। इसके अलावा एजेंसी आरोपियों से पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी लेने की मांग भी कर सकती है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 अक्टूबर को परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपने का ऐलान किया था। इसके बाद पंजाब दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी झोटा के परिवार को मामले की गहराई से जांच कराने का भरोसा दिया था।गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब से रवाना होने के करीब छह घंटे बाद ही CBI की टीम आधी रात को मानसा पहुंच गई।

CBI की जांच का दायरा केवल परविंदर सिंह झोटा की हत्या तक सीमित नहीं रहेगा। एजेंसी यह भी पता लगाएगी कि प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की कथित बिक्री कैसे होती रही और इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क या अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page