• Thu. Oct 22nd, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में मशहूर कुलचे-छोले वाले के बेटे की बर्थडे पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या

ByAdmin

Oct 22, 2026

लुधियाना में शहर के मशहूर ‘पंडित कुलचे-छोले वाले’ के बेटे राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात की है, जब राहुल एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए अपने घर से निकला था। अज्ञात हमलावरों ने उसे दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, राहुल शर्मा अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से किसी बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को रात करीब साढ़े 12 बजे इस वारदात की जानकारी मिली। राहुल के दोस्तों ने उसके साले को फोन करके बताया कि उसे गोली लगी है और वह दयानंद मेडिकल कॉलेज (DMC) अस्पताल में भर्ती है। जब परिजन हड़बड़ाते हुए अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने बताया कि राहुल की रात 11:55 बजे ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

परिवारिक सूत्रों और पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने राहुल को दो गोलियां मारीं। एक गोली उसकी छाती पर और दूसरी पीठ पर लगी। यह वारदात फुल्लांवाल चौक से जे ब्लॉक मॉल जाने वाली रोड पर हुई। आशंका जताई जा रही है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतक राहुल की महज 3 साल पहले ही शादी हुई थी। उसके परिवार में पत्नी के अलावा माता-पिता और एक शादीशुदा बहन हैं। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर देर रात पार्टी के दौरान क्या विवाद हुआ था और गोली चलाने वाले लोग कौन थे। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV Footage) की फुटेज खंगाल रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page