• Wed. Oct 28th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर नेशनल हाईवे पर इंडो-कैनेडियन बस ने कार को मारी टक्कर, हादसे में 2 घायल

ByAdmin

Oct 28, 2026

जालंधर के फिल्लौर में नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव खैरा के पास एक इंडो-कैनेडियन बस और ऑल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार को हुआ। ऑल्टो कार में सवार श्रद्धालु दिल्ली में आयोजित निरंकारी समागम में शामिल होने के बाद पठानकोट लौट रहे थे। इसी दौरान गांव खैरा के पास कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रही इंडो-कैनेडियन बस कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सड़क सुरक्षा फोर्स को सूचना दी। इसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फिल्लौर में भर्ती करवाया। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।

वहीं, SSF की टीम ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर किनारे करवाया। इसके बाद सड़क पर साइन बोर्ड लगाकर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया गया, ताकि अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

राहत कार्य के दौरान SSF की टीम को कार से कपड़ों के नौ बैग, 910 रुपये की नकदी वाला एक पर्स और कई जरूरी दस्तावेज मिले। इनमें वोटर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, वाहन की आरसी और एटीएम कार्ड शामिल थे। टीम ने घायलों का पूरा सामान सुरक्षित रखते हुए उनके भाई राजिंदर को सौंप दिया। हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की ओर से घायलों को अस्पताल पहुंचाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के साथ उनके सामान की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page