मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर कार्रवाई के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में एक सस्पेंडेड पटवारी के घर पर छापेमारी की है। यह पटवारी पहले मोगा जिले में तैनात था और धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। ED की टीम ने सुरक्षा के लिहाज से पटवारी के आवास के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को तैनात कर दिया है और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
सस्पेंडेड पटवारी और आम आदमी पार्टी की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के बीच क्या संबंध हैं, इसे लेकर फिलहाल स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच एजेंसियां दोनों मामलों के बीच संभावित कड़ियों और वित्तीय लेन-देन की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
दूसरी ओर, विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े 7 अलग-अलग ठिकानों पर बुधवार सुबह 6 बजे से शुरू हुई ED की रेड लगातार जारी है। सूत्रों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई नेशनल हाईवे नंबर 754A (NH-754A) के निर्माण के लिए अधिगृहित की गई सरकारी जमीनों के फर्जी इंतकाल (Mutation) और उससे जुड़े करोड़ों रुपये के मुआवजा घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
जिस सस्पेंडेड पटवारी नवदीप सिंह के जीरा स्थित निवास पर गुरुवार सुबह ED की टीम पहुंची, वह पूर्व में मोगा के धर्मकोट में पदस्थ रह चुका है। नवदीप सिंह के खिलाफ 16 जून 2024 को धर्मकोट पुलिस थाने में धोखाधड़ी का आपराधिक मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया था। आरोपी पटवारी हाल ही में अदालत से जमानत पर रिहा होकर बाहर आया था।
