जालंधर स्थित थ्री स्टार कॉलोनी से फायरिंग मामला सामने आया है। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी दामाद मनदीप सिंह उर्फ गिन्नी अपने 3-4 साथियों के साथ ससुराल पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, मनदीप के पास उसके किसी दोस्त की गाड़ी काफी समय से खड़ी थी, जिसकी चाबी उसके ससुर ईश्वर सिंह ने वापस लेकर मालिक को दे दी थी। इसके बाद आरोपी दामाद अपनी ससुराल वालों की कार मांगने लगा। ससुरालियों ने कार देने से मना करते हुए उसे टैक्सी से जाने की सलाह दी, जिस पर आरोपी भड़क गया और दोस्तों के सामने बेइज्जती का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा।
बहस बढ़ते ही आरोपी दामाद ने हथियार निकाल लिया। पीड़ित गगनदीप ने बताया कि आरोपी ने उसे निशाना बनाकर सीधी गोली चलाई थी, लेकिन उसे बचाने के लिए बीच में आए उसके पिता ईश्वर सिंह के हाथ में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल ईश्वर सिंह को तुरंत गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित की सास बलविंदर कौर ने बताया कि उनका दामाद मनदीप सिंह नशे का आदी है और कोई कामकाज नहीं करता। वह पिछले एक साल से उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी पारिवारिक रंजिश और कार न देने की रंजिश के चलते आरोपी ने जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की ढीली कार्रवाई पर परिजनों ने सवाल खड़े किए हैं। परिवार का कहना है कि रात में पुलिस को मौके से गोली का कोई खोल नहीं मिला, लेकिन सुबह जब उन्होंने खुद आसपास छानबीन की तो मिट्टी में दबा एक खोल बरामद हुआ। वहीं, थाना-8 के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि देर रात 2 राउंड फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
