पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार (13 नवंबर) को राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए ‘वनटाइम सेटलमेंट’ (OTS) योजना की शुरुआत की है। इस खास स्कीम के तहत 31 मार्च 2026 तक के लंबित बिजली बिलों पर लगा पूरा जुर्माना (पेनल्टी) और ब्याज माफ कर दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को अपने पुराने बिल निपटाने के लिए केवल मूल राशि का ही भुगतान करना होगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने योजना की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह स्कीम अगले 45 दिनों तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान उपभोक्ताओं को योजना का लाभ लेने के लिए शुरुआत में कुल बकाया मूल राशि का 25 फीसदी हिस्सा जमा कराना होगा। इसके बाद शेष बची 75 फीसदी रकम को चुकाने के लिए सरकार ने 6-6 महीने के अंतराल पर दो आसान किस्तों की सुविधा दी है।
पंजाब सरकार की इस पहल से राज्य के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में कुल 2,516 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया है, जिसमें से 518 करोड़ रुपये की भारी-भरकम पेनल्टी और ब्याज को सरकार ने पूरी तरह माफ करने का फैसला लिया है।
