जालंधर के नागरा रोड स्थित गुरु नानक नगर में कुछ दिन पहले एक घर के बाहर हुई फायरिंग की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए खुद शिकायतकर्ता और अमृतसर के तीन शूटरों समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी भी बरामद हुई है।
शिकायतकर्ता की कहानी पर पुलिस को हुआ शक
मीडिया को जानकारी देते हुए डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि कुछ दिन पहले गुरु नानक नगर निवासी साहिल के घर के बाहर बाइक सवार युवकों ने 5 से 6 राउंड फायरिंग की थी। मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस को शिकायतकर्ता साहिल की बताई गई कहानी संदिग्ध और झूठी लगी। गहन जांच के बाद पुलिस ने जब कड़ियां जोड़ीं तो पूरा मामला पलट गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता साहिल पहले हत्या के एक मामले में कपूरथला जेल में बंद था। वहीं उसकी दोस्ती गढ़ा निवासी साहिल नाम के ही एक अन्य युवक से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गढ़ा निवासी साहिल, जो इस समय अमेरिका में बैठा है और उस पर पहले से 4 मुकदमे दर्ज हैं, ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही दोस्त को जान से मारने की नीयत से उस पर हमला करवाया।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता साहिल (निवासी गुरु नानक नगर) को भी इस मामले में आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से 50 ग्राम हेरोइन और 5,200 रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 27-ए जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 21 के तहत अलग से मामला दर्ज किया है।
इस गोलीकांड को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपियों जशनदीप सिंह, जगजीत सिंह और अमरेंद्र सिंह को पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार समेत गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी अमृतसर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में शामिल एक अन्य आरोपी सरवन सिंह (निवासी बाबा बकाला) अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
