• Tue. Nov 17th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

वाह, किस्मत हो तो ऐसी! पंजाब में 500 रुपए का टिकट खरीदने वाला ड्राइवर बना करोड़पति

ByAdmin

Nov 17, 2026

पंजाब के मोहाली जिले में एक साधारण टिप्पर ड्राइवर की किस्मत ने ऐसा करवट लिया कि वह रातोंरात करोड़पति बन गया। डेराबस्सी के नजदीक स्थित हुमायूंपुर गांव के निवासी 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह ने दिवाली बंपर लॉटरी में 12 करोड़ रुपए का पहला इनाम जीता है। सोमवार रात करीब 11 बजे जैसे ही उन्हें इस बंपर जीत की सूचना मिली, पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।

बलजिंदर सिंह पेशे से खेती-बाड़ी करने के साथ-साथ टिप्पर चलाने का काम करते हैं और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने बीते 10 नवंबर को हंडेसरा स्थित एक लॉटरी विक्रेता से महज 500 रुपए का टिकट खरीदा था। परिजनों के मुताबिक, उनका परिवार पिछले 15 सालों से लगातार लॉटरी के टिकट खरीदकर अपनी किस्मत आजमा रहा था, जिसका फल अब जाकर 12 करोड़ रुपए के महा-इनाम के रूप में मिला है।

नियमों के तहत 12 करोड़ रुपए की इस इनामी राशि में से 30 प्रतिशत टैक्स की कटौती की जाएगी, जिसके बाद बलजिंदर सिंह को शुद्ध रूप से 8.40 करोड़ रुपए मिलेंगे। लॉटरी विभाग की ओर से इनाम की राशि जारी करने की आधिकारिक प्रक्रिया में करीब डेढ़ से तीन महीने का समय लग सकता है। इसके लिए विजेता को डायरेक्टर लॉटरी पंजाब विभाग के कार्यालय में ओरिजिनल टिकट और अपने दो पहचान पत्रों (आईडी कार्ड) सहित जरूरी दस्तावेज जमा करवाने होंगे। विभाग द्वारा फाइल तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी।

इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर फैलते ही बलजिंदर सिंह के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। परिवार और रिश्तेदारों के साथ-साथ पूरे गांव के लोग ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ इस सफलता का जश्न मना रहे हैं। परिजनों का कहना है कि फिलहाल इस बड़ी रकम को कहां और कैसे खर्च करना है, इस पर कोई योजना नहीं बनाई गई है। अभी उनकी पहली प्राथमिकता इनाम की राशि प्राप्त करने की औपचारिकताएं पूरी करना है। इसी सिलसिले में बलजिंदर सिंह अपने साथियों के साथ जीरकपुर स्थित लॉटरी कार्यालय पहुंचे और इनाम का दावा पेश करने से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page