• Tue. Nov 17th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में बस्ती बावा खेल नहर पर MP सिंह और महिला आमने-सामने, बिजली चोरी और अवैध कब्जे को लेकर हंगामा

ByAdmin

Nov 17, 2026

जालंधर के बस्ती बावा खेल नहर किनारे बनी अवैध झुग्गियों और अतिक्रमण को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान एमपी सिंह नामक व्यक्ति और वहां रह रही एक महिला के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जहां एक ओर एमपी सिंह ने इलाके में अवैध कब्जे, कुंडी डालकर बिजली चोरी करने और नाबालिग द्वारा तंबाकू बेचने का आरोप लगाया, वहीं दूसरी ओर महिला ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने और पति पर हथियार तानने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

मौके पर मौजूद एमपी सिंह ने बताया कि उन्हें स्थानीय निवासियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नहर किनारे अवैध रूप से झुग्गियां बसाकर कब्जा किया गया है। उन्होंने मौके पर दिखाया कि झुग्गी में चल रही जूतों की दुकान में सीधे तार (कुंडी) डालकर बिजली चोरी की जा रही है। इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि एक खोखे पर नाबालिग बच्चे से बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू बिकवाया जा रहा था, जबकि पास ही धार्मिक तस्वीरें भी लगी हुई हैं। जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए वीडियो बनाया, तो वहां हंगामा खड़ा हो गया।

हंगामे के दौरान पूनम देवी नामक महिला ने एमपी सिंह का कड़ा विरोध किया। महिला का कहना है कि वह पिछले 8 से 10 साल से अपने तीन छोटे बच्चों के साथ यहां रहकर काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वह नियमित रूप से बिजली का बिल भरती हैं और प्रधान को महीना भी देती हैं। महिला ने आरोप लगाया कि वे लोग छठ पूजा का पर्व मना रहे थे, तभी उक्त व्यक्ति वहां आए और हंगामा करने लगे। पूनम देवी का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान उनके पति पर हथियार ताने गए और उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति पहले भी यहां आकर विवाद कर चुका है।

विवाद के बीच एमपी सिंह ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि नहर के किनारे पहले बेहद सुंदर ग्रिल लगी हुई थी, लेकिन पर्व के दौरान 18 ग्रिल काट दी गईं। इसके साथ ही नहर के आसपास भारी गंदगी फैली हुई है और धार्मिक स्वरूपों को नहर में बहाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस गंदगी की सफाई कौन करवाएगा और काटी गई ग्रिल की भरपाई कौन करेगा। इलाके के लोगों में भी देर रात तक तेज आवाज में स्पीकर बजाने को लेकर भारी रोष है।

एमपी सिंह ने स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि हंगामे और अवैध गतिविधियों की शिकायत करने के लिए उन्होंने संबंधित एसएचओ को फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे पहले भी पुलिस को सूचित किया गया था कि पुलिस कमिश्नर के आदेशों के बावजूद यहां अवैध रूप से चल रही झुग्गियों और बिजली चोरी पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page