जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ था, जिसे सुरक्षाबलों ने कड़ी मशक्कत के बाद ढेर कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने खुद लतीफ भट से लंबी वीडियो कॉल पर बात की थी। उसे कई बार मौके दिए गए और भरोसा दिलाया गया कि आत्मसमर्पण करने पर उसकी जान बख्श दी जाएगी। हालांकि, लतीफ ने इस पेशकश को साफ ठुकरा दिया और ऑपरेशन के दौरान कहा, “मेरे साथ अल्लाह के सिवा कोई नहीं है।”
एसएसपी के अनुसार, लतीफ भट ने रात करीब 2:45 बजे मस्जिद में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी थी। सुरक्षा एजेंसियों ने धार्मिक स्थल को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए पूरी सावधानी बरती और अंदर कोई गोलीबारी नहीं की। इसके बाद उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। जैसे ही वह मस्जिद से बाहर आया, सुरक्षाबलों ने उसे ढेर कर दिया।
लतीफ भट 18 नवंबर 2025 को ही लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। वह खुद कट्टरपंथ की राह पर चला गया था और उसे सीमा पार से जम्मू-कश्मीर की शांति, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने के निर्देश मिल रहे थे।
