भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार के दौरान अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी की चाल भले ही धीमी रही, लेकिन दोपहर होते-होते दोनों प्रमुख इंडेक्स में बिकवाली तेज हो गई। देखते ही देखते बाजार में गिरावट का दबाव बढ़ गया और सेंसेक्स 600 अंकों से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 200 से अधिक अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में आई इस भारी गिरावट ने निवेशकों को बड़ा झटका दिया। इसका असर शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों के कुल मार्केट कैप पर भी पड़ा और निवेशकों की करीब 6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति एक ही झटके में घट गई।
बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र में 82,532 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके मुकाबले बुधवार को इसने मामूली गिरावट के साथ 82,376 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। शुरुआत में बाजार में हल्की कमजोरी नजर आ रही थी, लेकिन कुछ ही देर में बिकवाली का दबाव बढ़ने लगा। दोपहर करीब 1 बजे तक सेंसेक्स 600 अंकों से ज्यादा लुढ़ककर 81,780 के आसपास कारोबार करता नजर आया।
सेंसेक्स के साथ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी बड़ी गिरावट का शिकार हुआ। मंगलवार को 25,387 के स्तर पर बंद हुआ निफ्टी बुधवार को 25,323 पर खुला था। हालांकि, कारोबार आगे बढ़ने के साथ इस इंडेक्स में भी गिरावट तेज हो गई। दोपहर करीब 1 बजे तक निफ्टी 200 अंकों से ज्यादा टूटकर 25,141 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स में एक साथ आई इस गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई।
शेयर बाजार में अचानक आई गिरावट का सबसे बड़ा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर करीब 5.05 लाख करोड़ रुपये रह गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस गिरावट के चलते निवेशकों की करीब 6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति साफ हो गई।
