जालंधर के शाहकोट क्षेत्र के गांव तलवंडी संघेड़ा के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक हालत सुधारने के सपने लेकर ग्रीस गए दो सगे भाइयों की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। जिस परिवार ने अपने बेटों को विदेश भेजने के लिए कर्ज तक लिया था, अब उसी परिवार को उनके शवों का इंतजार करना पड़ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामा के भरोसे पर कर्ज लेकर भेजा था ग्रीस
मृतकों के पिता बूटा सिंह ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। वह हमेशा अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहते थे। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें सुपिंदर सिंह (29), दलजीत सिंह (26) और सबसे छोटा गुरविंदर सिंह (23) शामिल हैं।
करीब 8 महीने पहले जालंधर के गांव गुमटाली निवासी उनके दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने भरोसा दिलाया था कि वह उनके बेटों को ग्रीस में रोजगार दिलाकर वहां सेटल करवा देगा।
उसकी बातों पर विश्वास करके परिवार ने कर्ज लिया और सबसे पहले दलजीत सिंह को वर्क परमिट पर ग्रीस भेज दिया। इसके करीब 5 महीने बाद दलजीत के कहने पर परिवार ने छोटे बेटे गुरविंदर को भी ग्रीस भेज दिया। दोनों भाई विदेश में मेहनत करके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश कर रहे थे।
बूटा सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों बेटे ग्रीस में एक पिग फार्म पर साथ काम करते थे। परिवार को उम्मीद थी कि दोनों की कमाई से घर के हालात बेहतर हो जाएंगे, लेकिन इसी बीच उनकी हत्या की खबर आ गई। दूर के रिश्तेदार संदीप सिंह ने ही दोनों भाइयों पर तेजधार हथियार से हमला कर उनकी जान ली। उनका कहना है कि आरोपी दोनों भाइयों से पैसों की मांग करता था और इसी विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में ग्रीस पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
बूटा सिंह ने बताया कि दोनों बेटों की हत्या के करीब 18 दिन बाद उनके शव भारत लाए जा रहे हैं। शनिवार, 21 नवंबर की सुबह तड़के दोनों भाइयों की पार्थिव देह हवाई जहाज से अमृतसर पहुंचेगी। इसके बाद शवों को उनके पैतृक गांव तलवंडी संघेड़ा ले जाया जाएगा, जहां परिवार और रिश्तेदार अंतिम दर्शन करेंगे। शनिवार को ही गांव में दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिन बेटों को परिवार ने बेहतर जिंदगी की उम्मीद में कर्ज लेकर विदेश भेजा था, अब उसी घर के आंगन से उनकी अंतिम विदाई की तैयारी हो रही है।
