• Sat. Nov 21st, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

अमृतपाल को एयरपोर्ट से पिछले गेट से निकाला, हथकड़ी नहीं लगाई; बुलेटप्रूफ गाड़ी में पुलिस रवाना

ByAdmin

Nov 21, 2026

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को शनिवार सुबह अमृतसर एयरपोर्ट से उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा के लिए रवाना कर दिया गया। पंजाब पुलिस उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी में कड़ी सुरक्षा के बीच लेकर जा रही है। एयरपोर्ट से उन्हें मुख्य रास्ते के बजाय पिछले गेट से बाहर निकाला गया। इस दौरान अमृतपाल के हाथों में हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।

सांसद अमृतपाल सिंह को अमृतसर की अदालत ने शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस दौरान वह अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकेंगे। बता दें कि उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हो गया था। अमृतपाल के अंतिम संस्कार में शामिल न हो पाने के कारण परिवार ने उनका संस्कार रोक दिया था। अब अदालत से अनुमति मिलने के बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अमृतपाल सिंह को असम से पंजाब लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अदालत के आदेश के मुताबिक, इस यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था का खर्च उनके परिवार को ही उठाना है। अमृतपाल को शुक्रवार दोपहर असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। वहां रात के समय उन्हें एक सेफ हाउस में रखा गया। इसके बाद शनिवार सुबह नियमित फ्लाइट के जरिए उन्हें अमृतसर पहुंचाया गया।

अमृतपाल सिंह पिछले करीब तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) लगाया गया था। इसके बाद उन्हें पंजाब से असम की जेल में शिफ्ट कर दिया गया था।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page