पंजाब की सियासत में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने एक बार फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संयुक्त रूप से गठबंधन की घोषणा करते हुए राज्य के विकास, सुरक्षा और लंबित मुद्दों के समाधान का रोडमैप पेश किया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अकाली दल का एनडीए (NDA) परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि पुराने साथी के लौट आने से गठबंधन संपूर्ण हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में दोनों पार्टियां मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी और अकाली दल ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहेगा। शाह ने संकेत दिया कि गठबंधन में जो बड़ा भाई होगा, मुख्यमंत्री भी उसी का बनेगा।
अमित शाह ने कहा कि यह गठबंधन दोस्ती और भाईचारे की मिसाल बनेगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए सरकार बनने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे का पूरी तरह खात्मा किया जाएगा। इसके अलावा, अगले तीन महीनों में किसानों की समस्याओं, आर्थिक विकास और बेरोजगारी को लेकर तैयार किए गए रोडमैप पर काम किया जाएगा।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर का जिक्र करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि इसका निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद इसे अस्थायी तौर पर बंद किया गया है, लेकिन समस्या का समाधान होते ही इसे तुरंत खोल दिया जाएगा ताकि हिंदू और सिख दोनों श्रद्धालु वहां जाकर मत्था टेक सकें। वहीं, बंदी सिखों की रिहाई के सवाल पर शाह ने कहा कि दोनों पार्टियां आपसी बातचीत के जरिए इस मुद्दे का कोई न कोई समाधान जरूर निकालेंगी।
शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने देशवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन दिन पर यह गठबंधन हो रहा है। उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता ‘नाखून और मांस’ जैसा है। बादल ने याद दिलाया कि 1996 में उनके पिता स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस पारिवारिक रिश्ते की नींव रखी थी, और जब तक यह गठबंधन रहा, पंजाब में शांति और भाईचारा कायम रहा।
सुखबीर बादल ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों में पहले 5 साल कांग्रेस और फिर 5 साल आम आदमी पार्टी ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में ‘आप’ की सिंगल डिजिट सीटें भी नहीं आएंगी। बादल ने कहा कि पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारी और मजदूर को बचाने के लिए राज्य में ‘डबल इंजन’ की सरकार जरूरी है।
सुखबीर सिंह बादल ने बताया कि किसानों और सिख कौम के मसलों को लेकर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से सार्थक बातचीत हुई है और एक परिवार की तरह मिल-बैठकर इन समस्याओं को सुलझाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 8 दिसंबर को स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रण भी दिया।
