पंजाब की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों पार्टियों की ओर से आज दोपहर 1 बजे अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों दल आगामी चुनाव के लिए साथ आने का ऐलान कर सकते हैं। इस घटनाक्रम पर पंजाब की राजनीति से जुड़े लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर 1 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे। हालांकि, दोनों पार्टियों की ओर से अभी तक प्रेस कॉन्फ्रेंस के एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। इसके बावजूद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस मंच से अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन का ऐलान किया जा सकता है।
अकाली दल और भाजपा के दोबारा करीब आने की चर्चाएं उस समय तेज हुई थीं, जब 7 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुखबीर सिंह बादल के बीच दिल्ली में मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद दोनों दलों के राजनीतिक रिश्तों को लेकर नए कयास लगाए जाने लगे थे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से पंजाब में एनडीए सरकार बनने को लेकर दिए गए बयानों ने भी गठबंधन की संभावनाओं को और हवा दी।
पिछले कुछ दिनों से भाजपा और अकाली दल के नेताओं के बीच बातचीत आगे बढ़ने की खबरें सामने आ रही थीं। राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी मंथन हुआ है। अगर दोनों पार्टियां गठबंधन का ऐलान करती हैं तो पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें दोपहर 1 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं।
