जालंधर में वाहन चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। शहर के पॉश इलाके मास्टर तारा सिंह नगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक कर्मचारी की बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने अपनी हीरो स्प्लेंडर रोजाना की तरह कार्यालय के बाहर खड़ी की थी, लेकिन कुछ देर बाद जब वह वापस आया तो बाइक गायब थी। काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, रोहित नाम का युवक सोमवार दोपहर करीब 12:15 बजे मास्टर तारा सिंह नगर की कोठी नंबर 169-A स्थित अपने ऑफिस में काम कर रहा था। उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक (नंबर PB08 FM 3083) दफ्तर के बाहर खड़ी की हुई थी। कुछ समय बाद जब वह किसी काम से बाहर आया तो मौके से बाइक गायब थी। अचानक बाइक न मिलने से वह परेशान हो गया। उसने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपने स्तर पर भी काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
घटना के बाद रोहित ने थाना छोटी बारादरी में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, चोरी हुई बाइक का भी कोई सुराग नहीं मिला है। शहर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई बाइक चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों और ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों में नाराजगी है।
