श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर दीपक बाली ने देश-विदेश में रहने वाली संगत को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि मानवता, समानता, प्रेम और आपसी भाईचारे के सिद्धांतों को याद करने का पवित्र अवसर है।
गुरु साहिब ने पूरी मानवता को दिया समानता का संदेश
दीपक बाली ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को अज्ञानता के अंधकार से बाहर निकालकर सत्य और नेकी के रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। गुरु साहिब ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि सभी मनुष्य एक समान हैं और किसी के साथ जाति, धर्म, नस्ल या सामाजिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। मौजूदा दौर में समाज को आपसी प्रेम, सद्भावना और एकता के सूत्र में बांधने के लिए गुरु साहिब के विचारों को अपनाना बेहद जरूरी है।
गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील
दीपक बाली ने कहा कि ‘सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ का संदेश पूरी मानवता को नई दिशा देने वाला है। गुरु साहिब ने हमेशा सच्चाई, सेवा, समानता और मानव कल्याण को सर्वोपरि रखा। प्रकाश पर्व के अवसर पर केवल बधाइयां देने तक सीमित न रहें, बल्कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं। समाज में शांति, आपसी सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने के लिए मिलकर प्रयास करें।
