बिहार के लखीसराय जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा लखीसराय-जमुई मार्ग पर गुणसागर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वालों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान राकेश गुप्ता (38), मीना देवी (50), पल्लवी देवी (28), बादल कुमार (10) और कार चालक जाफर आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र के रामचंद्र ढाका गांव के रहने वाले थे। वे मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान गुणसागर के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल चार लोगों को अन्य पीड़ितों के साथ लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
तेतरहाट थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को बुलडोजर की मदद से सड़क से हटवाया और थाने पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने कोयले से लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। लखीसराय के एसडीएम प्रभाकर कुमार ने हादसे में पांच लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों और इसके कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
