मिस्र की राजधानी काहिरा के नजदीक बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हाईवे पर तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने आसपास मौजूद गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि 24 से ज्यादा कारें और मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेल से भरा एक टैंकर हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके कुछ ही देर बाद टैंकर में जोरदार विस्फोट हुआ और आग आसपास खड़ी तथा गुजर रही गाड़ियों तक फैल गई। देखते ही देखते कई वाहन आग की लपटों में घिर गए। इस दौरान कुछ लोग जलती गाड़ियों में फंस गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बचाव दल ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, हादसे में 31 लोगों की जान गई है और 21 से अधिक लोग घायल हुए हैं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
मिस्र में इस साल सड़क हादसों की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास कई वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 16 अन्य घायल हुए थे। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने देश में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
