• Thu. Nov 26th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

केजरीवाल-भगवंत मान की रैली से पहले मोगा में ब्लास्ट, एक व्यक्ति की मौत

ByAdmin

Nov 26, 2026

पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली ‘खुशहाल पंजाब’ रैली से पहले एक दर्दनाक हादसा हो गया। रैली स्थल पर कॉफी बनाने के दौरान अचानक मशीन फट गई। हादसे में कॉफी बना रहे वर्कर की जान चली गई। बताया जा रहा है कि मशीन का एक हिस्सा वर्कर के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 10 बजे की है। जिस जगह कॉफी मशीन फटी, वह रैली के मुख्य मंच से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित थी। मशीन फटने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल हुए वर्कर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने भी अभी तक मशीन फटने के कारणों को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है।

AAP की इस रैली को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पार्टी ने मोगा में करीब 116 एकड़ जमीन पर विशाल पंडाल तैयार करवाया है। इस कार्यक्रम में लगभग डेढ़ लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल होंगे।

‘खुशहाल पंजाब’ रैली के जरिए आम आदमी पार्टी पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है। स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को पार्टी की आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

इस कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी की ओर से स्मार्ट कार्ड बांटने की शुरुआत भी की जाएगी। इसी वजह से इस आयोजन को सरकारी कार्यक्रम के तौर पर भी देखा जा रहा है। रैली में पार्टी नेताओं के संबोधन के साथ-साथ सरकार की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी गतिविधियां होने की उम्मीद है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page