• Thu. Nov 26th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

मनाली से घर लौट रहे तीन लोगों की दर्दनाक मौत, रोपड़ के पास ओवरलोड टिप्पर कार पर पलटा

ByAdmin

Nov 26, 2026

पंजाब के रोपड़ जिले में कीरतपुर-मनाली नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। यहां रेत से भरा एक ओवरलोड टिप्पर अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले पांच गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद दिल्ली नंबर की एक बलेनो कार के ऊपर जा पलटा। इस भीषण दुर्घटना में कार पूरी तरह टिप्पर के नीचे दब गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे भरतगढ़ के नजदीक सरसा नंगल में चढ़ाई पर हुआ। टिप्पर के नीचे दबने के कारण कार पूरी तरह पिचक गई और मृतकों के शव अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग मनाली से अपने घर वापस लौट रहे थे। इस दुर्घटना में बलेनो कार के अलावा दो से तीन अन्य गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।

हादसे के तुरंत बाद नेशनल हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना को देख स्थानीय लोग फौरन मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

टिप्पर के भारी वजन के नीचे दबी कार और शवों को बाहर निकालने के लिए मौके पर जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। इस हादसे के चलते कीरतपुर-मनाली हाईवे पर काफी देर तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और सड़क सुरक्षा बल की टीम ने सुचारू करवाया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page