• Fri. Nov 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान गए श्रद्धालु के लापता होने का सच आया सामने, बेटे ने बताई पूरी सच्चाई

ByAdmin

Nov 27, 2026

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के जत्थे के साथ पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से तीन के लापता होने की खबरों के बीच एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इन खबरों में अमृतसर के तेज नगर चौक इलाके के निवासी सरदार बिक्रमजीत सिंह का नाम भी शामिल बताया जा रहा था, लेकिन अब उनके परिवार ने सामने आकर इन खबरों का पूरी तरह खंडन किया है।

बिक्रमजीत सिंह के बेटे चरणजीत सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है और इन्हें महज एक अफवाह बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पिता पाकिस्तान में बिल्कुल सुरक्षित हैं और गुरुद्वारा साहिब में जत्थे के साथ ही मौजूद हैं। चरणजीत सिंह ने बताया कि कुछ देर पहले ही उनकी अपने पिता से फोन पर बात हुई है। उनके पिता के पास भारतीय सिम कार्ड है और वे वहां वाइ-फाई के माध्यम से परिवार के साथ लगातार संपर्क में बने हुए हैं।

चरणजीत सिंह के मुताबिक, जब उनके पिता को पाकिस्तान में खुद के लापता होने की खबरों के बारे में पता चला, तो वे भी यह सुनकर काफी मानसिक तनाव में आ गए। उन्होंने बताया कि उनके पिता हर साल की तरह इस बार भी पूरी श्रद्धा के साथ SGPC के जत्थे के साथ धार्मिक यात्रा पर गए हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जत्थे के साथ ही सुरक्षित भारत वापस लौटेंगे।

इस घटनाक्रम के बाद परिवार ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि बिना किसी ठोस पुष्टि के इस तरह की भ्रामक खबरें न फैलाई जाएं। परिवार का कहना है कि शरारती तत्वों द्वारा फैलाई गई ऐसी झूठी खबरों के कारण घर के सदस्यों को अनावश्यक रूप से मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page