ट्रक ड्राइवरों ने ‘हिट एंड रन’ मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान करने वाले नए कानून के खिलाफ सोमवार से देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस बीच पंजाब के ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवर भी नए कानून के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। इसका असर राज्य के पेट्रोल पंपों पर भी पड़ने लगा है। पंजाब में ट्रक यूनियनों की हड़ताल के कारण चीजों की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है और पेट्रोल-डीजल की कमी बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए तेल खत्म होने के डर से पेट्रोल पंपों पर गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही है। लोग वाहनों की टंकियां फुल करवाने के लिए लाइनों में लगे दिखाई दे रहे है।
पंप मालिकों ने भी लोगों से अपील की है कि वह वाहनों का कम इस्तेमाल करें। राज्य के कई पेट्रोल पंप ड्राई होने के किनारे पहुंच चुके है पर आने वाले दिनों में होने वाली दिक्कत से बचने के लिए लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना था कि रुटीन के मुकाबले हर व्यक्ति अधिक तेल डलवा रहा है, जिस कारण खपत में अधिक वृद्धि हुई है। अगर आज शाम तक हड़ताल खत्म नहीं हुई तो पेट्रोल पंप मालिकों के अलावा आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. राज्य के 45 फीसदी पेट्रोल पंप ड्राई होने की संभावना है, यानी उनमें तेल खत्म हो जाएगा. इसके बाद लोगों के पास अपने वाहन पार्क करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
