जिले के गांव दादियाना के सरपंच संदीप कुमार छीना के कुछ दिनों पहले हुए हत्याकांड का मुख्य आरोपी अनूप कुमार विक्की बीती देर रात पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हो गया। पुलिस की जवाबी फायर में उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लगी हैं। उसे सरकारी अस्पताल होशियारपुर में दाखिल करवाया गया है। हालांकि अभी पुलिस कुछ बता नहीं रही है, लेकिन पता चला है कि विक्की सरपंच की हत्या करने के बाद नजदीक के एक कस्बे में शरण लिए था। मंगलवार रात 11 बजे के करीब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विक्की को घेरा तो उसने फायर करने शुरू कर दिए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विक्की घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। प्रारम्भिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर कर दिया गया। 5 दिन पहले सरपंच छीना की उसके फैक्ट्री के अंदर तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक आरोपी रोहित पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी विक्की की गिरफ्तारी न होने से परिजनों ने अभी छीना का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है। परिवार की मांग थी कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वो सरपंच छीना का अंतिम संस्कार करेंगे। सरपंच की हत्या आपसी रंजिश के तहत की गई है।
