केंद्र के नए हिट एंड रन कानून को लेकर पंजाब में ट्रक ड्राइवरों का विरोध जारी है। जालंधर में रविवार देर रात ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान हैप्पी संधू आमरण अनशन पर बैठ गए। वे रात करीब 10.30 बजे अपने साथियों के साथ जालंधर के डीसी ऑफिस के पास पहुंचे। डीसी ऑफिस के सामने धरनास्थल पर वह गद्दे बिछाकर धरना शुरू किया गया। सुरक्षा के लिए देर रात पुलिस तैनात कर दी गई।
उत्तरी ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान हैप्पी संधू ने बातचीत में कहा कि रविवार को वह श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकर अपने लिए पवित्र जल लेकर आए हैं। अब वह सिर्फ उसी का सेवन करेंगे। इसके अलावा वह अन्न का एक दाना नही खाएंगे।
हैप्पी संधू ने कहा कि सरकार द्वारा देश भर के ड्राइवरों के खिलाफ लाए गए हिट एंड रन कानून को वापस करवाने के बाद ही वह धरना स्थल से उठेंगे। उन्होंने कहा- सुबह तक उनकी एंबुलेंस आ जाएगी। उनके साथ उनके साथी कार्यकर्ता भी धरनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
संधू ने कहा कि पुलिस धक्के से न उठाए, उनकी लाश यहां से जाएगी। क्योंकि सरकार ड्राइवरों के साथ अन्याय कर रही है। सरकार एक्सीडेंट के केस में हत्या करने जितनी सजा देने चाहती है। एक्सीडेंट कोई जानबूझ कर नहीं करता, बल्कि गलती से होता है। ऐसे में इसकी सजा हत्या करने जैसे नहीं होनी चाहिए।
उत्तरी ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान हैप्पी संधू ने ट्रक यूनियनों द्वारा हड़ताल की कॉल दी जाने के बाद से काफी चर्चा में थे। इस बीच उन्होंने कुछ दिन पहले मीडिया के सामने आकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। तब संधू ने कहा था कि उन्हें पंजाब के हक की लड़ाई लड़नी है। ये लड़ाई होने वह अकेले भी लड़ सकते हैं। हालांकि इस्तीफा क्यों दे रहे हैं, इस पर उन्होंने खुलकर चर्चा नहीं की थी।
