• Thu. Feb 5th, 2026

अभी अभी बड़ी खबरः भाजपा विधायक ने शिवसेना नेता को पुलिस स्टेशन में मारी गोलियां, देखें वीडियो

ByPunjab Khabar Live

Feb 3, 2024

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की पार्टी के नेता को भाजपा विधायक द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात ये है कि भाजपा विधायक ने पुलिस स्टेशन में शिवसेना नेता को गोलियां मारी। पुलिस ने इस मामले में भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद था, जिसके चलते यह घटना घटी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता महेश गायकवाड़ और कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ के बीच बीते कई दिनों से जमीन विवाद चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कल्याण पूर्व के द्वारली परिसर में मौजूद संपत्ति पर मालिकाना हक को लेकर भाजपा विधायक और शिवेसना नेता के बीच विवाद चल रहा है। 31 जनवरी को भी इस विवाद में दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद शुक्रवार शाम को दोनों पक्ष उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। पुलिस स्टेशन में दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और तनातनी होने लगी। इसके बाद भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और उनके सहयोगियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि एक तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान छह राउंड फायरिंग हुई।

घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने गोलीबारी करने वाले भाजपा विधायक को हिरासत में लिया था, लेकिन शनिवार सुबह भाजपा विधायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शिवसेना नेता को दो गोलियां लगी हैं, वहीं उनके साथी को भी दो गोलियां लगी हैं। शिवसेना नेता की हालत गंभीर बनी हुई है। भाजपा विधायक ने बताया कि महेश गायकवाड़ और उनके समर्थकों ने उनके बेटे के साथ बदतमीजी की थी, जिसके चलते उन्होंने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी है। गणपत गायकवाड़ कल्याण ईस्ट सीट से तीन बार के विधायक हैं। दो बार वह बतौर निर्दलीय उम्मीदवार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं। उल्हासनगर में पुलिस थाने में हुई फायरिंग की इस घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस जांच के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page