यूपी में किसान अपनी मांगों को मनवाने के लिए दिल्ली की तरफ आने वाले हैं. किसानों का जत्था दोपहर में करीब 12 बजे महामाया फ्लाईओवर पर एकत्रित होकर दिल्ली की तरफ बढ़ेगा. इसे देखते हुए नोएडा और दिल्ली के कई रास्तों पर भारी जाम लग सकता है. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि गुरुवार को सुबह नोएडा-गाजियाबाद से दिल्ली आने-जाने वाले रास्तों पर भारी जाम लग सकता है. इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. जानें किन रास्तों से आज बचकर चलने की जरूरत है. किसानों के विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली-नोएडा, चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ कहा गया कि 8 फरवरी, 2024 सोनिया विहार, डीएनडी, चिल्ला, गाजीपुर, सभापुर, अप्सरा और लोनी बॉर्डर से जुड़े मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है. किसानों के दिल्ली बढ़ने के कारण एक्सप्रेस वे और दिल्ली आने वाले रास्तों पर ट्रैफिक जाम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया पर एडवाइजरी जारी की है. ट्रैफिक पुलिस का निर्देश है कि जिन रास्तों पर जाम लगने की आशंका है उनके इस्तेमाल से बचें.
गौतम बुद्ध नगर कमिश्नरेट की ओर से नोएडा में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है. ऐसे में बिना अनुमति के कहीं पर भीड़ के जुटने की आशंका में पुलिस की तरफ से ऐक्शन लिया जा सकता है. किसानों का हुजू हामाया फ्लाईओवर से दिल्ली की तरफ निकलेगा. अगर आपको इस रूट से यात्रा करना है, तो बेहतर होगा कि जाम से बचने के लिए रूट डायवर्जन का इस्तेमाल करें. सेक्टर-94 चरखा गोलचक्कर से बॉटनिकल गार्डन और फिर न्यू अशोक नगर की तरफ से दिल्ली जा सकते हैं.
अगर किसान डीएनडी की तरफ बढ़ते हैं चिल्ला बॉर्डर से ट्रैफिक गुजरेगा. सेक्टर-1 गोल चक्कर और झुंडपुरा के बीच उद्योग मार्ग पर जाने वाला ट्रैफिक को रोकने की योजना है. इस रास्ते का ट्रैफिक रजनीगंधा चौराहे से सेक्टर-12-22-56 की तरफ से निकलेगा. झुंडुपुरा की तरफ से सेक्टर-1 गोल चक्कर की तरफ आने वाला ट्रैफिक सीधे स्टेडियम चौराहा और फिर वहां से रजनीगंधा होकर निकाला जाएगा.
