• Fri. Sep 11th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

अभी अभी बड़ी खबरः आतंकियों की गोलीबारी में अमृतसर के सिख की मौत

ByPunjab Khabar Live

Feb 8, 2024

आतंकियों ने बुधवार देर रात एक कायराना हरकत करते हुए श्रीनगर शहर में एक सिख युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों पंजाब के अमृतसर के निवासी हैं और श्रीनगर में फेरी लगाकर शाल बेचने का काम करते थे। मौजूदा वर्ष में अन्य राज्य के किसी व्यक्ति की यह पहली टारगेट किलिंग है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए भाग निकले आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर अभियान चलाया है।

हमले के पीछे लश्कर के मुखौटा आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का हाथ माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय अमृतपाल सिंह व 25 वर्षीय रोहित दिन में फेरी लगाने के बाद शाम करीब सात बजे श्रीनगर के हब्बा कदल क्षेत्र के शाला कदल मोहल्ले में लौटे। दोनों ने यहीं पर किराये पर कमरा ले रखा था। जैसे ही वे मोहल्ले में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने उन पर एके राइफल से करीब से गोलियां दागीं।

अमृतपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहित के पेट में गोलियां लगीं। दोनों को मृत समझकर आतंकी भाग निकले। गोलियों की आवाज सुनकर निकटवर्ती क्षेत्र में तैनात पुलिस व सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एसएमएचएस अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अमृतपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया और रोहित का इलाज चल रहा है। कश्मीर के आइजीपी वीके विरदी व सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की मदद से आतंकियों का सुराग जुटा रही है। बता दें कि पिछले वर्ष भी आतंकियों ने शोपियां और अनंतनाग में अन्य राज्यों के कामगारों पर कई हमले किए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page