संसद के बजट सेशन के दौरान आज बाहर का नजारा सदन के भीतर से भी ज्यादा गरम रहा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई जुबानी जंग ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। यह वाकया उस समय हुआ जब राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
“माय ट्रेटर फ्रेंड”: राहुल का तंज और बिट्टू का इनकार
जैसे ही राहुल गांधी संसद परिसर में खड़े थे, वहां से केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू गुजरे। राहुल गांधी ने उनकी ओर हाथ बढ़ाया और कटाक्ष करते हुए कहा, “hello My traitor friend” (मेरे धोखेबाज दोस्त)। राहुल का इशारा बिट्टू के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की तरफ था। हालांकि, बिट्टू ने हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया और राहुल को “देश का दुश्मन” करार दे दिया।
“वापस आ जाओगे”… राहुल का तीखा पलटवार
बिट्टू के सख्त रुख के बाद भी राहुल गांधी शांत नहीं हुए। उन्होंने मुस्कुराते हुए पलटकर कहा, “Don’t worry, you will come back” (चिंता मत करो, तुम वापस आ जाओगे)। यह टिप्पणी बिट्टू के भविष्य में वापस कांग्रेस की ओर लौटने या उनकी राजनीतिक स्थिति पर एक गहरा तंज मानी जा रही है।
निलंबित सांसदों के मुद्दे पर छिड़ा था विरोध
इस पूरी बहस की पृष्ठभूमि सांसदों का निलंबन था। मंगलवार को सदन में स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फाड़कर फेंकने के आरोप में कांग्रेस के 7 और CPI(M) के 1 सांसद को निलंबित कर दिया गया था। राहुल और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी इन्हीं सांसदों के हक में आवाज बुलंद कर रही थी, तभी यह निजी वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया।
