संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के 13 फरवरी को दिल्ली कूच से पहले हरियाणा और पंजाब के शंभू, खनौरी समेत सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। वहीं सिंधु और टिकरी बॉर्डर पर भी सीमेंट के बैरिकेड लगा दिए गए हैं। पंजाब से आने वाले किसानों को रोकने के लिए अंबाला के शंभू बॉर्डर और फतेहाबाद में बैरिकेड्स और लोहे की कीलें लगा दी गई हैं।
हरियाणा के 7 जिलों में आज (रविवार) सुबह 6 बजे से मोबाइल इंटरनेट, डोंगल और बल्क SMS बंद कर दिए गए हैं। यह रोक अंबाला, हिसार, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद और पुलिस जिला डबवाली समेत सिरसा जिले रहेगी। यह आदेश 13 फरवरी की रात 12 बजे तक लागू रहेंगे।
हरियाणा के सोनीपत, झज्जर, पंचकूला, अंबाला, कैथल, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और जींद समेत 12 जिलों में धारा 144 लागू की गई है। इसके साथ पंजाब और दिल्ली के रूट भी डायवर्ट कर दिए गए हैं।तनावपूर्ण हालात को देखते हुए केंद्र ने पैरामिलिट्री फोर्स की 64 कंपनियों को हरियाणा भेज दिया है। जिनमें BSF और CRPF के जवान भी शामिल हैं।
सोनीपत में पेट्रोल पंप संचालकों को DC ने आदेश दिए कि किसी भी ट्रैक्टर में 10 लीटर से ज्यादा डीजल न डालें। पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर 8 CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिनकी रेंज 40 मीटर है। इनकी डायरेक्शन पंजाब की तरफ होगी।
