• Sat. Sep 26th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

बड़ी खबरः पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना के दिग्गज नेता का हुआ निधन

ByPunjab Khabar Live

Feb 23, 2024

महाराष्ट्र पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है. बुधवार को हार्ट अटैक के बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल में ICU में भर्ती कराया गया था. आज सुबह 3 बजकर 2 मिनट पर निधन हुआ. मनोहर जोशी लोकसभा स्पीकर भी रहे हैं. उनका पार्थिव शरीर माटुंगा रूपारेल कॉलेज के पास स्थित उनके निवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आखिरी दर्शन के लिए रखा जाएगा. दोपहर दो बजे के बाद दादर शमशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार होगा. अस्पताल ने एक बयान में बताया था कि लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष जोशी को बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी हालत गंभीर थी. शिवसेना के दिग्गज नेताओं में शुमार 86 वर्षीय जोशी को पिछले वर्ष मई में मस्तिष्कघात के बाद इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

महाराष्ट्र से आने वाले बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने X पर लिखा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी सर के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ. सर के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति का सभ्य चेहरा खो गया है. हमने एक ऐसा नेता खो दिया है जो बेहद विनम्र, हाजिर जवाबी और महाराष्ट्र के साथ-साथ मराठी मानुष के प्रति भावुक था. गठबंधन सरकार के दौरान मुझे जोशी सर के नेतृत्व में काम करने का मौका मिला. परिवार के मुखिया की तरह उनका सदैव मार्गदर्शन मिलता रहा. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दे. ओम शांति.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पूर्व लोक सभा अध्यक्ष और वरिष्ठ राजनेता श्री मनोहर जोशी जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं. लोकतांत्रिक मूल्यों को समृद्ध बनाते हुए उन्होंने श्रेष्ठ संसदीय परंपराएं स्थापित कीं। सदन के संचालन की विशिष्ट और निष्पक्ष शैली के कारण उन्हें सभी दलों के नेताओं का सम्मान प्राप्त था.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page