हरियाणा की राजनीति में आज खेला का दिन है। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पूरे मंत्री परिषद के साथ सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पहले चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में भाजपा और निर्दलीय विधायकों के साथ मीटिंग की और फिर राजभवन जाकर इस्तीफा सौंप दिया। वहीं मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में भाजपा ने नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। ओबीसी चेहरे नायब सिंह सैनी को सीएम बनाया जाएगा। माना जा रहा है कि गैर-जाट राजनीति को हरियाणा में मजबूत करने की रणनीति के तहत यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा मनोहर लाल सरकार की ऐंटी-इन्कमबैंसी से भी निपटने में मदद मिलेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से मनोहर लाल की विदाई हो गई है। अब उनकी जगह नायब सिंह सैनी लेंगे, जो ओबीसी चेहरा हैं। वह अब तक कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं।
