पंजाब सिंगर सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई के जन्म के 2 दिन बाद पिता बलकौर सिंह ने पंजाब सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बलकौर सिंह ने कहा कि प्रशासन बच्चे के लीगल डॉक्यूमेंट्स पेश करने को लेकर बार-बार परेशान कर रहा है। CM मान उन्हें जेल भेजकर जांच करा सकते हैं। बलकौर ने कहा कि वह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से निवेदन करना चाहते हैं कि वह उन पर रहम करे। उनका ट्रीटमेंट पूरा होने दिया जाए। मैं यहीं का रहने वाला हूं, कहीं भागने वाला नहीं हूं। आप जहां भी बुलाओगे मैं पेश हो जाऊंगा।
मैं सख्त शब्दों में कहना चाहता हूं कि मैं बहुत परेशान हूं। आपकी एक आदत है कि आप हर चीज से बाद में यू-टर्न ले लेते हो। मुख्यमंत्री के सलाहकार उन्हें ऐसी सलाह देते हैं, जिस पर मुख्यमंत्री अपने स्टैंड पर खड़े नहीं हो पाते। बलकौर सिंह ने कहा कि यदि इस बार CM मान ने उन पर हाथ डालना है, तो अच्छी तरह से डालें, क्योंकि वह यू-टर्न लेने वालों में से नहीं है। वह जान दे सकते है, लेकिन यू-टर्न या पीछे हटने वाले नहीं है। मूसेवाला ने भी 28 साल जिंदगी कानून के दायरे में रहकर गुजारी थी। वह पूर्व फौजी है और कानून की इज्जत करते हैं।
उन्होंने अभी तक किसी भी तरह से कानून की अवहेलना नहीं की। यदि कहीं भी वह कानून से बाहर गए हैं तो सरकार उन्हें सलाखों में डाल दे। यदि सरकार को उन पर फिर भी यकीन नहीं है तो सरकार उनके खिलाफ पहले मामला दर्ज कर दे। उन्हें जेल में डाल कर फिर मामले की जांच कर ले। वह अपने विश्वास के साथ कह रहे हैं कि ट्रीटमेंट पूरा होने पर वह सभी लीगल डॉक्यूमेंट पेश करेंगे।
